ज्वलंत मुद्दे

6/recent/ticker-posts

घरौंदा नाटक का कथानक और अभिनय देख मुग्ध रहे दर्शक

जिला स्कूल मैदान में नाट्य मेले के पांचवें दिन हुई प्रस्तुति
पद्मश्री निरंजन गोस्वामी ने भी किया एकल माइम नाटक

मुजफ्फरपुर. जिला स्कूल मैदान में आकृति रंग संस्थान की ओर से चल रहे पांच दिवसीय मुजफ्फरपुर नाट्य मेला का अंतिम दिन गुरुवार माइम नाटक को समर्पित रहा. समापन समारोह से पहले एलआइसी के सीनियर डीएम सुनील कुमार ने कहा कि मुजफ्फरपुर में इस तरह का नाट्य मेला पहली बार हुआ है. दर्शकों की भीड़ देखकर लगता है कि यहां की धरती कला के लिए पूरी तरह समर्पित है. 

घरौंदा नाटक का कथानक और अभिनय देख मुग्ध रहे दर्शक

आयोजन कमेटी के मो इश्तेयाक ने कहा कि नाट्य मेले में अब निरंतरता बनी रहेगी़. जल्द ही मुजफ्फरपुर में दूसरा नाट्य मेला का आयोजन किया जायेगा. समापन समारोह मे मुजफ्फरपुर की आकृति रंग संस्थान ने घरौंदा माइम नाटक की प्रस्तुति की, जिसमें दिखाया गया कि कैसे एक लड़की काम की तलाश में बाहर निकलती है और बाजार उसे देह व्यापार की ओर ढकेल देता है़. दलालों के चंगुल में फंसी लड़की बाहर निकलने की कोशिश करती है, लेकिन बाजार से नहीं निकलने देता है़. जब उसकी उम्र हो जाती है तो देह के सौदागर उसके पास नहीं आते हैं. नाटक में यह दिखाया गया कि लड़कियों की थोड़ी सी चूक उसका जीवन किस तरह बर्बाद कर सकता है. इसके साथ बाजारवाद के चरित्र को भी उजागर किया गया. 

नाटक का लेखन पद्मश्री निरंजन गोस्वामी ने किया था : और उसे निर्देशित आकृति रंग संस्थान के निदेशक और नाट्य मेले के संयोजक सुनील फेकानिया ने किया था. नाटक में शैडो चित्र का इस्तेमाल कर निर्देशक ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी. बिना संवाद के यह नाटक अपनी भावाभिव्यक्ति से दर्शकों के बीच संवाद करने में सफल रही़. इस नाटक में करीब एक हजार दर्शक मौजूद रहे़. नाटक को दर्शकों ने स्टैंडिंग ओबेशन दिया. पात्रगत अभिनय में राजू सहनी,  सत्या, विजय सहनी, मुकेश, शिवम चंद्रवंशी, संचय, राहुल, अमित और विवेक ने अपनी भूमिका में जान डाल दी़ संगीत का कंपोजीशन अशोक अंदाज ने किया था. 

संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस नाट्य मेले में पद्मश्री निरंजन गोस्वामी ने भी एकल माइम प्रस्तुत किया. जिसमें जीवन से जुड़े कई चित्र दिखायें. संचालन सुनील फेकानिया ने किया. दाेपहर में नाट्य मेले में कार्यशाला आयोजित की गयी. इस मौके पर पद्मश्री निरंजन गोस्वामी और प्रवीर गुहा ने रंगकर्मियों को अभिनय के टिप्स बतायें.

कला प्रतिभागियों और सहयोगियों काे सम्मान : आकृति रंग संस्थान ने एलआइसी के सीनियर डीएम सुनील कुमार, मो इश्तेयाक, डॉ संतोष सारंग, वीरेन नंदा, यशवंत पराशर, विनय कुमार, हेमनारायण विश्वकर्मा, मुकेश सोना, अशोक अंदाज, अवधेश शर्मा और पप्पू को पद्मश्री निरंजन गोस्वामी और एसएनए अवार्डी प्रवीर गुहा ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ